मीरापुर। मुक्कलमपुरा निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके पुत्र ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से परिजन खुश नहीं थे। आरोप है कि उसके पुत्र ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पौधारोपण को किया प्रेरित
मीरापुर। वन क्षेत्राधिकारी एमके बलौधी ने बताया कि शहीद मंगल पांडे की स्मृति में टिकौला के प्राथमिक विद्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि डीएफओ सूरज ने पौधरोपण के महत्व को बताया। कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिये पौधरोपण अनिवार्य है। वृक्षों से ही फैल रहे प्रदूषण पर नियंत्रण लगाया जा सकता है। एक वृक्ष लगाकर उसकी परवरिश करना ईश्वरीय कार्य है। कार्यक्रम के बाद उन्होंने टिकौला के जंगल में बनी वन विभाग की नर्सरी का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर नाहर सिंह, दीपचंद, मणिराम, जयपाल, सुखबीर, ज्ञान सिंह, समय सिंह, बाला देवी, फूलवती, सावित्री आदि उपस्थित रहे।
हाईवे पर जाम लगा
मीरापुर। मीरापुर-बिजनौर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित है। बुधवार की रात हाइवे पर एक वाहन पलट जाने के कारण घंटों जाम लगा रहा। किसी तरह पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। इस जाम के कारण एक वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार कर वापस मीरापुर आ रहे लोग भी इस जाम में फंसे रहे। घंटो लगे जाम के कारण परेशान परिजन अल सुबह घर लौटे। प्रदेश सरकार हाइवे दुरुस्त कराने की निरंतर घोषणा कर रही है लेकिन हालात दिन पर दिन खराब होते जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बिजनौर के सांसद कुंवर भारतेन्दु सिंह ने करीब 20 दिन पूर्व बिजनौर मेरठ मार्ग को दुरुस्त कराने के कार्य का शुभारंभ भी किया था।