नसीम हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली
मोरना। थाना भोपा क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में बीते सोमवार नसीम पुत्र तसलीम की सरेआम हत्या कर दी गई थी। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण घटना को लेकर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए थे। हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर प्रशासनिक अधिकारियों ने गुस्साई भीड़ को शांत किया था, किंतु पांच दिन बीतने के बाद भी पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है।
नसीम ने दो वर्ष पूर्व एक हिंदू लड़की से प्रेम विवाह किया था। सोमवार को वह बेटे के जन्मदिन पर केक लेकर जा रहा था, तभी ससुराल पक्ष के लोगों ने दो वर्ष पहले की घटना का बदला लेते हुए नसीम की हत्या कर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। मामले में उसके चाचा नजर मोहम्मद उर्फ राजू ने प्रदीप पुत्र राजेश, राजेश पुत्र रामसिंह, सोनू पुत्र राकेश, नीटू पुत्र भूषण को हत्यारोपी बनाया था। थाना भोपा पुलिस ने विभिन्न धाराओं में आरोपियों पर मुकदमा कायम करते हुए परिजनों को शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस अभी तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। वहीं नसीर के परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र ही गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।