मुजफ्फरनगर। महिला ने एक युवक पर घर घुसकर दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की और आरोपी युवक के साथ मिलकर उसके पति को जबरन घर से उठाकर ले गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़िता शनिवार सुबह पुलिस ऑफिस पहुंची। बताया कि कई दिन पूर्व नईमंडी कोतवाली से फोन आया कि आपका पति नईमंडी कोतवाली में बैठा है। उसने कहा कि वह मायके में आई हुई है, इसलिए पति के परिजनों को बुलवा लो। इस दौरान फोन करने वाले ने अश्लील बातें करनी शुुरू कर दीं। जिस पर उसने फोन बंद कर दिया। पति के घर आने पर उसे सारी बात बताई। पति ने उक्त नंबर पर फोन कर विरोध जताया। जिस पर आरोपी ने धमकी देनी शुुरू कर दी। 16 जून की सुबह आरोपी पीड़िता के घर में घुसा और दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। बृहस्पतिवार सुबह आरोपी चार सिपाहियों के साथ घर पर आया और उसके पति को उठा लिया। विरोध करने पर पीड़िता की पिटाई कर दी। तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।