प्रेमिका को ब्लैकमेल करने पर किया था जानलेवा हमला
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी के गांव नंगला दुहेली में पांच अक्तूबर को अंकित पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी प्रेमिका को ब्लैकमेल किए जाने के चलते अंकित पर जानलेवा हमला करते हुए दरांती से उसकी गर्दन काट दी थी, जो मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त खून सनी दरांती भी बरामद कर ली है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में बृहस्पतिवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि पुरकाजी के गांव नंगला दुहेली में पांच अक्तूबर को अंकित पुत्र ओमकुमार खेत पर गया था, जहां दरांती से उसकी गर्दन रेत दी गई थी। गंभीर हालत में अंकित को पुरकाजी पीएचसी ले जाया गया, जहां से पहले उसे जिला अस्पताल और फिर मेरठ रैफर कर दिया गया। घटना के संबंध में अंकित की मां शिमला देवी ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। एसपी सिटी ने बताया कि मामले का खुलासा करते हुए सीओ सदर मोहम्मद रिजवान के निर्देशन में इंस्पेक्टर विजय सिंह ने गांव के ही कपिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक युवती से प्रेम संबंध थे। अंकित उक्त युवती को कुछ समय से ब्लैकमेल करने का प्रयास कर रहा था, जिस पर उसे कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। आरोपी ने इसी के चलते पांच अक्तूबर को अंकित की दरांती से गला रेतकर हत्या का प्रयास किया और उसे मरा जानकर छोड़कर चला गया। हालांकि गर्दन आधे तक कटने के बावजूद अंकित की सांसें चलती रही और उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून सनी दरांती भी बरामद कर ली गई है।