लुटने से बचा लाखों का कैश व लाइसेंसी असलहा
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद पचेंडा निवासी बैटरी कारोबारी नौशाद सिद्दीकी के घर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई लूटपाट की वारदात के दौरान घर के एक अन्य कमरे में मौजूद अलमारी में रखा लाखों कैश व लाइसेंसी असलाह लुटने से बच गया। परिजनों के अनुसार बदमाशों ने घर में घुसते ही वहां मौजूद फौजा परवीन व उसकी बेटी गुड़िया को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने एक कमरे को टारगेट करते हुए वहां रखी अलमारी को ही पूरी तरह खंगालते हुए उसमें से दस लाख की नकदी व करीब 20 तोले सोने के जेवरात लूट लिए। इस दौरान बदमाश करीब आधा घंटे तक घर में रुके और कैश व जेवरात मिलते ही वहां से नौ-दो-ग्यारह हो गए। इस जल्दबाजी के चलते बदमाश घर के ही एक अन्य कमरे में नहीं पहुंच पाए, जहां एक अन्य अलमारी में लाखों कैश के साथ ही कारोबारी की लाइसेंसी पिस्टल व बंदूक भी रखी हुई थी। इसके चलते उक्त कैश व लाइसेंसी असलाह लुटने से बच गया।
आखिर कौन था चेहरे को ढकने वाला युवक ?
मुजफ्फरनगर। गांव मुस्तफाबाद पचेंडा में बैटरी कारोबारी के घर दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों में से एक ने चेहरे को कपड़े से ढका हुआ था। इसके चलते आशंका जताई जा रही है कि पहचान लिए जाने के डर से उसने चेहरा छिपाया था, जिसके चलते कहीं न कहीं आरोपी पीड़ित परिवार से परिचित हो सकता है। पुलिस भी इसी एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अज्ञात में दर्ज कराई गई एफआईआर
मुजफ्फरनगर। मुस्तफाबाद पचेंडा में दिनदहाड़े हुई वारदात को पुलिस ने पीड़ित कारोबारी नौशाद सिद्दीकी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट में दर्ज किया है। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि लुटेरों की बाबत कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर बदमाशों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।