मीरापुर। नगर पंचायत कार्यालय के निकट रहने वाले माधुरी शरण संगल (68) खतौली मार्ग पर सोमवार की सुबह सैर के लिए निकले थे। गूल के निकट विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने एक अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में माधुरी शरण को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ट्रक ने माधुरी शरण का दाहिना पैर कुचल दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जानसठ सीएचसी भेजा। सीएचसी से परिजन घायल को मेरठ के आनंद हास्पिटल ले गए, जहां डाक्टरों ने उपचार के दौरान क्षतिग्रस्त पैर को शरीर से अलग कर दिया। घायल के दूसरे पैर का भी उपचार चल रहा है। उधर, दुर्घटना में माधुरी शरण के साथ घूमने जा रहे लाला किशनलाल आढ़ती को भी मामूली चोटें आई। पीडित के पुत्र मोनू ने ट्रक चालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि चालक फरार है और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
निस्तारित माल को जमीन में दबाया
मीरापुर। न्यायालय द्वारा निस्तारित माल को पुलिस ने नहर के किनारे दबाया। एसओ मनोज चौधरी ने बताया कि थाने में कई वर्षों में पकडे़ गये शराब आदि माल का न्यायालय से निस्तारण करकार जंगल में दफन करा दिया। थाने के कमरो में एकत्र माल छह ट्रैक्टर ट्रालियों में लादकर जंगल भेजा गया जहां पुलिस ने अपनी देखरेख में जेसीबी मशीन से गहरे गड्ढे खुदवा कर निस्तारित माल को नष्ट करा दिया।