भयभीत छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ा
मुजफ्फरनगर। छेड़छाड़ से परेशान कक्षा नौ की छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ दिया है। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के बावजूद शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे छात्रा और उसके परिजनों में भय व्याप्त है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मिश्रित आबादी वाले मोहल्ले का है। यहां रहने वाले समुदाय विशेष के परिवार की 14 साल की बेटी शहर के ही एक कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। पड़ोस में रहने वाला युवक उसे काफी समय से परेशान कर रहा है, वह उससे छेड़छाड़ करता है। आरोप है कि तीन दिन पहले पांच मार्च की शाम जब छात्रा घर में अकेली थी, तो आरोपी युवक ने मकान में घुसकर छात्रा से रेप का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल की, मगर कोई कार्रवाई नहीं की। इस संबंध में छात्रा के पिता ने अगले दिन पुलिस को तहरीर दी। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी पक्ष की ओर से हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी कोतवाली पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस ने दबाव में आकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और न ही मुकदमा दर्ज किया। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी है। वही,ं छात्रा और परिजनों में भय व्याप्त है। इसी भय के चलते छात्रा ने कॉलेज जाना भी बंद कर दिया है। उधर, इस संबंध में पुलिस को कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर आई थी, पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।