जीजा की हत्यारोपी बहनों की तलाश में दबिश
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)।
गांव काकड़ा में जीजा की हत्या करने के बाद फरार चल रही दो बहनों की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी। हालांकि दोनों हत्यारोपी बहने पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सकीं। उधर, गमगीन माहौल में उपेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी उपेंद्र की रविवार शाम को उसकी दो सालियों ने धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी थी। उपेंद्र अपनी मां के साथ हो रहे विवाद का बीच बचाव कर रहा था। मृतक उपेंद्र की दोनों साली घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गई थी । घटना के संबंध में मृतक के पिता बुद्ध सिंह ने दोनों सगी बहनों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों बहनों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी, किंतु दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं लग सका। दूसरी ओर, सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गमगीन माहौल में उपेंद्र का अंतिम संस्कार किया।
दो पक्ष भिड़े, कई लोग घायल
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। बसीकलां में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। झगड़े में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया । गांव बसी कला में शाहिद और अनीश पक्ष में काफी दिनों से एक जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्ष उक्त जमीन को लेकर पूर्व में भी कई बार आमने-सामने आ चुके हैं। सोमवार को दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। पहले तो दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गांव में दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं आई हैं।