बदमाशों ने नगदी और जेवर लूटे, महिला को पीटा
जानसठ। गांव सादपुर में मकान में घुसकर बदमाशों ने नगदी समेत हजारों रुपयों के जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर महिला को घायल कर दिया।
मंगलवार की रात गांव सादपुर में बदमाश कृष्णपाल पुत्र छोटेलाल के मकान के अंदर घुस गए। बदमाशों ने घर के अंदर से हजारों रुपयों की नगदी समेत सोने व चांदी के जेवरात लूट लिए। कृष्णपाल की पत्नी प्रेमी की आंख खुल गई। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने प्रेमी को पीटकर घायल कर दिया। लूटपाट व मारपीट करने के बाद बदमाश वहां निकल गए। इसके बाद बदमाश गांव में ही मोहल्ला अंसारीयान में स्थित एक मकान में घुसे। बदमाश कमरे में रखे संदूक को लेकर भागने लगे। कदमों की आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए। परिवार के लोगों ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर गांव में जाग हो गई। ग्रामीणों को आते देखकर बदमाश संदूक को एक खेत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया. जहां पर चिकित्सकों ने घायल महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित कृष्णपाल ने पुलिस को तहरीर दे दी है।