मुजफ्फरनगर। शहर की युवती से दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल कर शादी करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती ने विगत दिवस राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ प्रियंवदा तोमर से मिलकर दूसरे समुदाय के युवक पर धोखा देकर प्रेमजाल में फंसाने के बाद जबरन शादी कर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। राज्य महिला आयोग सदस्य के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी मल्हूपुरा निवासी शमीम उर्फ समीर को बुधवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले में नई मंडी कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रात में ही आरोपी शमीम उर्फ समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। बृहस्पतिवार सुबह पीड़िता का मेडिकल कराते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म की कोशिश
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की युवती ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि 19 फरवरी की शाम वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस का युवक अकेली पाकर घर में घुस आया और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। पीड़िता के अनुसार, तहरीर देने के बावजूद पुलिस आरोपी को पकड़ने के बाद उसी पर फैसले का दबाव बनाती रही, जिस पर पीड़िता ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।