साहसी दुकानदारों ने महिला को गंगनहर में डुबने से बचाया
अमर उजाला ब्यूरो
खतौली। महिला आत्महत्या करने के इरादे से गंगनहर में कूद गई। इस दौरान वहां मौजूद साहसी दुकानदारों ने महिला को गंगनहर में डूबने से बचा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक मंसूरपुर की रहने वाली 35 वर्षीय शमा प्रवीन का निकाह देवबंद के मोहल्ला रहसवाड़ा निवासी लाल्ला के साथ हुआ था। महिला ने पूछताछ करने पर बताया कि उसका पति उसको तंग करता है। विरोध करने पर उसको मारता पीटता भी है। पति के उत्पीड़न की वजह से उसने तंग होकर गंगनहर में कूदकर आत्महत्या करने का मन बना लिया। रविवार की शाम को महिला गंगनहर पुल के पास पहुंची। महिला काफी देर तक गंगनहर पुल के पास घूमती रही। इसके बाद व स्नानघाट पर पहुंची ओर गंगनहर में कूद गई। महिला को गंगनहर में कूदते हुए पुल पास सामान बेचने की ठेली लगाने वाले अनीस, इमरान व सलमान ने महिला को गंगनहर में डूबने से बचा लिया। इन दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला से पूछताछ करने के बाद उसके परिजनों को बुलाया। पुलिस ने महिला को उसके परिजनों को सौंप दिया है।