खतौली। शादीशुदा युवक ने फेसबुक के माध्यम से युवती को प्रेम प्रसंग में फंसाकर धोखे से उसके साथ शादी कर ली। युवक की हकीकत का पता चलने पर युवती के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नगर के जगत कालोनी निवासी दुष्यंत पुत्र शशिभूषण ने शादीशुदा होते हुए भी फेसबुक पर उसकी पुत्री को अपने प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद दुष्यंत ने धोखे से उसकी पुत्री के साथ शादी कर ली। पहली पत्नी को पता लगने पर दूसरी शादी करने को लेकर पति से काफी विवाद भी हुआ था। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दुष्यंत को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
छेड़छाड़ की कोशिश
खतौली। मीरापुर रोड पर अकेली खेतों में जा रही महिला के साथ बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ की कोशिश का प्रयास किया। शोर मचाने पर युवक बाइक लेकर भाग निकले। इस दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने बाइक सवारों को पकड़ने को पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके। पुलिस को इस मामले की तहरीर नहीं दी गई है।
युवती भगाने के मामले में आरोपी को जेल भेजा
मोरना। एक सप्ताह पूर्व युवती को बहला फुसला करके भगा करके ले जाने के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज। थाना ककरौली प्रभारी जितेंद्र अंबावत ने बताया कि 14 जनवरी को क्षेत्र के गांव युवती को बहला फुसला करके ले जाने के मामले में पुलिस ने गांव चलसीना निवासी आसिफ सहित पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने युवती की तलाश में अनेक स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने सोमवार को गांव चोरावाला निवासी यूनुस को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि यूनुस ने नामजद आरोपियों की युवती को भगाने में मदद की थी। पुलिस ने यूनुस के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर जेल भेज दिया है।