भोपा। गांव किशनपुर में नाली के ऊपर लगाए गए चैनर को लेकर बुधवारकी सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। संघर्ष में लाठी-डंडों के साथ ही जमकर पथराव किया गया। इसमें दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पीएचसी में भर्ती कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव किशनपुर में ग्राम प्रधान की ओर से फारूख व जुल्फिकार के मकान के पास नालियों पर दो चैनर लगवाए गए थे। मंगलवार की रात किसी ने इनमें से एक चैनर को तोड़ दिया। बुधवार सुबह टूटा चैनर देख दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद तूल पकड़ने पर दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की तरफ से जमकर पथराव भी किया गया। संघर्ष में फारूख पक्ष से खुर्शीद, फरीद, सायरा खातून व गुलशन और जुल्फिकार पक्ष से अहमद, जुल्फिकार, जियाउल, अफजल, निशा, मेहसर व इजाजुल घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को पीएचसी पहुंचाया, जहां से सायरा, खुर्शीद व फरीद को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर बीपी सिंह ने बताया कि नाली के चैनर को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों की तहरीर आई है। जांच की जा रही है।