छात्रा को अगवा करने पर बखेड़ा
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला जनकपुरी में कथित रूप से छात्रा के अपहरण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट व हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला जनकपुरी निवासी किशोरी शहर के एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। बृहस्पतिवार सुबह छात्रा को स्कूल जाने के लिए उसके पिता बाहर सड़क पर साथ आकर एक रिक्शा में बैठाकर उसके पीछे-पीछे चलने लगे। आरोप है कि जब छात्रा जिला अस्पताल के निकट पहुंची, वहां पहले से मौजूद मोहल्ले के ही एक युवक ने जबरन छात्रा को रिक्शा से नीचे उतार लिया और अपनी बाइक पर बैठाकर उसे अगवा कर ले गया। पीछे-पीछे आ रहे छात्रा के पिता ने अपनी बाइक से आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। इसके बाद छात्रा के पिता ने उसके कॉलेज पहुंचकर शिक्षकों से छात्रा के संबंध में जानकारी ली. तो पता चला कि वह तो कॉलेज ही नहीं पहुंची थी। इस पर छात्रा के परिजन सिविल लाइंस थाने में उसे बाइक पर बैठाकर ले जाने वाले युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। इसी दौरान छात्रा के परिजन जब घर लौटे तो उसे बाइक पर बैठाकर ले जाने वाला युवक उनके घर के पास ही दिख गया। इस पर छात्रा के परिजनों ने युवक को रोककर उससे छात्रा के बारे में पूछा, लेकिन उसने कोई भी जानकारी होने से इंकार कर दिया। इससे गुस्साए छात्रा के परिजनों ने युवक की धुनाई कर दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से कई लोगों को थाने ले आई। उधर, कुछ देर बाद उक्त छात्रा भी खुद ही घर लौट आई।