महिला बेटे के साथ प्रेमी संग फरार
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उनके मोहल्ले में ही रहने वाले युवक के साथ उसकी पत्नी का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पूर्व उसे पत्नी के प्रेम संबंधों की भनक लगी तो उसने इन संबंधों का विरोध जताया, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच तकरार भी हुई। इसके बाद से ही दंपति के संबंध तनावपूर्ण चल रहे थे। पीड़ित ने बताया कि तीन दिन पूर्व उसकी पत्नी 12 साल के बेटे को भी अपने साथ लेकर प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। पत्नी व बेटे को गायब देख पीड़ित ने उनकी तलाश की, लेकिन न तो उनका सुराग लगा और न ही आरोपी प्रेमी का। थक-हारकर पीड़ित ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर पत्नी व बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
संदिग्ध हालात में लापता हुआ किशोर
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला जसवंतपुरी निवासी मंजू पत्नी बिजेंद्र शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा उज्ज्वल (17) 22 जून की दोपहर मार्केट से कोई सामान खरीदकर लाने की बात कहकर घर से गया था। उसके बाद से ही वह अब तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने हरसंभव तलाश की, लेकिन बेटे के नहीं मिलने पर आखिरकार तहरीर देते हुए बेटे की तलाश करने की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।