दो पक्षों में संघर्ष, तीन लोग घायल
मीरापुर। गांव भुम्मा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जमकर लाठी-डंडे, धारदार हथियार चले और फायरिंग भी हुई। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। संघर्ष में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को मेडिकल जांच के लिए भेजा है।
मीरापुर के गांव भुम्मा में दो पक्षों में पुरानी रंजिश चली आ रही है। मंगलवार को किसी बात को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। दोनों और से जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार भी चले। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। संघर्ष में नितिन व रजत पुत्रगण ब्रजपाल तथा रिश्तेदारी में आया ग्राम नगौड़ी निवासी राजन पुत्र राजवीर घायल हो गया। अचानक हुए झगड़े और फायरिंग की घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से मामले की तहरीर नहीं दी गई थी। इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी ने तहरीर नहीं दी तो पुलिस अपनी ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।