मुजफ्फरनगर। खालापार के मीनाक्षी चौक निकट क्लीनिक पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। कुछ लोगों ने पीड़ितों के क्लीनिक से सामान गायब कर जबरन ताला लगा दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
मीनाक्षी चौक निवासी डॉ शाजिया अपने पति डॉ. कय्यूम अली के साथ मिलकर जीवन ज्योति मेडिकल सेंटर चलाती है। यह क्लीनिक दोनों ने चार साल पहले खालापार के निकट एक मकान में बनाया था। उक्त क्लीनिक को लेकर मकान मालिक और डॉ. शाजिया के बीच विवाद चल रहा है। पूर्व में झगड़ा होने पर किसी प्रकार लोगों ने समझौता कराकर मामला निपटा दिया। अब डॉ. शाजिया का आरोप है कि उक्त क्लीनिक पर शहजाद, शादाब आदि ने जबरन कब्जा कर लिया है। उसके क्लीनिक से सामान गायब कर अपना ताला लगा दिया। शुक्रवार को क्लीनिक पर दंपति पहुंचा तो ताला लगा देख आपत्ति जताई। इस पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। हंगामा होने पर भगदड़ मच गई। खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार मामले को शांत कराया। प्रकरण में शाजिया ने कोतवाली थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने धमकी देना, मारपीट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुुरू कर दी।