प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में अधिवक्ता गिरफ्तार
खतौली (मुजफ्फरनगर)। प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में नामजद हत्यारोपी अधिवक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नामजद अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं। पुलिस आरोपी अधिवक्ता से हत्याकांड के संबंध में पूछताछ की।
मंसूरपुर के गांव संधावली निवासी प्रॉपर्टी डीलर विनोद पुत्र आशाराम की एक दिसंबर बुआड़ा रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई श्याम किशोर ने इस घटना के संबंध में तीन पार्टनरों इस्लामाबाद भूड़ निवासी फिरोज पुत्र हासिम, मोहल्ला ढाकन चौक निवासी बैंक मैनेजर सोमेंद्र व मोहल्ला देवीदास निवासी अधिवक्ता सुनील पुत्र नैनसिंह के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने नामजद हत्यारोपी अधिवक्ता सुनील को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर की पैसों के लेनदेन को लेकर हत्या की गई थी। पुलिस पकड़े गए नामजद हत्यारोपी अधिवक्ता से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुलिस बाकी फरार दोनों आरोपियों को तलाश कर रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिशें डाली जा रही है। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।