अवैध शस्त्र में मुजफ्फरनगर कोर्ट में भी किया पेश
चरथावल। सामूहिक नकल कराने के आरोपी कमर इंतखाब से अवैध शस्त्र बरामदगी की वजह से उन्हें और उनके भाई असर नफीस उर्फ अख्तर को मुजफ्फरनगर कोर्ट में भी पेश किया गया।
एसटीएफ ने इंतखाब से अवैध पिस्टल 0.32 बोर और उसके भाई अख्तर से लाइसेंसी पिस्टल 38 बोर बरामद किया था। इन दोनों के खिलाफ अलग से एक मुकदमा अपराध संख्या 70 के अंतर्गत धारा 25,27 और 30 आयुध अधिनियम का दर्ज हुआ है। मेरठ से भ्रष्टाचार निवारण के विशेष न्यायालय कोर्ट से रिमांड के बाद दोनों का रिमांड रविवार शाम को मुजफ्फरनगर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के यहां से पुलिस ने कराया है। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ठाकुर दुष्यंत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया है। दोनों मामलों में अगली सुनवाई आठ मार्च को नियत की गई है।
11 विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
चरथावल। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद चरथावल थाने में 17 आरोपियों के खिलाफ डीआईओएस प्रवीण मिश्रा की ओर से सामूहिक नकल कराने की एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोपियों पर अलग-अलग अपराध में 11 धाराएं लगाई गई हैं। अपराध संख्या 69 के तहत नौ पेज की चिप रिपोर्ट तैयार की गई। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 की धारा 3, 5, 7, 9,10 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 8 और 9 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।