मुजफ्फरनगर। चोरी के आरोपियों की तलाश में हरिद्वार पुलिस ने शहर में कई स्थानों पर दबिश दी, मगर आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सके। हरिद्वार जिले के मंगलौर थाने के उप निरीक्षक राहुल नेगी टीम के साथ यहां आए। शहर कोतवाली पुलिस को बताया कि खालापार निवासी वसीम और रामपुरी निवासी शिवा उनके थाने से चोरी के मामले में वांछित चल रहे हैं। टीम ने शहर कोतवाली पुलिस को साथ लेकर आरोपियों की तलाश में दबिश दी, मगर कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा। बाद में टीम वापस चली गई।
अस्पताल में वृद्ध की मौत
मुजफ्फरनगर। चरथावल निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति को उसके परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लाये थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव साथ ले गए।
बदमाशों ने फोन लूटा
मुजफ्फरनगर।
सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला रैदासपुरी निवासी राहुल पुत्र बीडी कटारिया किसी कार्य से अंसारी रोड पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश उसके पास आए और पिस्टल के बल पर आतंकित कर उससे मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए। उधर, शहर कोतवाली के ग्राम सुजडू निवासी मोमीन पुत्र बमाजुदीन ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उसकी बाइक को किसी ने घर के बाहर से चोरी कर लिया।
उधार मांगने आई महिला से मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर दिल्ली के मगनगिरी निवासी महिला शीला पत्नी सूरजलाल ने सात आठ लोगों के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि शहर निवासी मोनिस ने उससे 65 हजार रुपये उधार लिए थे, जो अब वापस नहीं दे रहा है। गत दिवस उसने रुपये देने के लिए यहां बुलाया था। आरोप है कि मोनिस ने मौनी, आकाश आदि के साथ मिल कर उसके साथ मारपीट की तथा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।