खतौली(मुजफ्फरनगर)। ग्रामीणों ने लापता छात्र की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर सीओ का घेराव किया। सीओ ने तीन दिन के भीतर छात्र की बरामदगी का आश्वासन दिया है।
गांव बुआड़ा खुर्द निवासी साहब सिंह का 11 साल का बेटा सागर कक्षा-8 में पढ़ता है। 10 अगस्त की सुबह सागर अपने घर से स्कूल के लिए चला था। छात्र ने स्कूल में पढ़ाई की और वह छुट्टी के बाद घर वापस नहीं लौटा। छात्र के पिता ने थाने में अज्ञात में बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बावजूद पुलिस छात्र का सुराग नहीं लगा सकी। जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। रविवार को ग्रामीणों ने सीओ का घेराव कर लापता छात्र की सकुशल बरामदगी की मांग की। सीओ ने ग्रामीणों को छात्र को तलाश करने के लिए तीन दिन का समय मांगा है। मौके पर छात्र नेता अरुण गुर्जर, मलूक सिंह, सत्येंद्र आर्य, अश्वनी, साहब सिंह, किरण पाल, रकम सिंह, महेंद्र, तोलेराम, अंकुर, कैलाश आदि ग्रामीण शामिल रहे।