दिनदहाड़े महिला पुलिसकर्मी की चेन लूटी
मुजफ्फरनगर। ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही महिला पुलिसकर्मी से बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े चेन लूट ली। विरोध करने पर आरोपी ने मुक्का मारकर सिपाही को सड़क पर गिरा दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बृहस्पतिवार को महिला थाने में तैनात महिला सिपाही शोभा चौधरी 11.30 बजे ड्यूटी समाप्त कर ब्रह्मपुरी स्थित अपने घर लौट रही थी। उसके मुताबिक वह साकेत में कलाकृति के सामने पहुंची ही थी कि पीछे से आए बाइक सवार युवक ने उसकी चेन झपट ली। विरोध करने पर युवक ने उसे मुक्का मारकर सड़क पर गिरा दिया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। बदमाश की बाइक पर पीछे 12-13 वर्ष का नाबालिग किशोर भी बैठा था। पीड़िता की तहरीर पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि खाकी का खौफ बदमाशों में खत्म हो गया है। अब बदमाशों ने पुलिसकर्मियों से लूट और चोरी करनी शुरू कर दी है। कुछ दिन पूर्व ही सिविल लाइन थाने के मोहर्रिर पप्पू खान की बाइक थाना परिसर से ही चोरी कर ली गई थी।