बुढ़ाना। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ में खेत में पानी की नाली में युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान ट्रक चालक सोनू (40) के रूप में हुई है। सीएचसी पर चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका व्यक्त की।
थाना फुगाना के गांव खरड़ के चौकीदार नद्दू ने पुलिस को खेत में पानी की नाली में शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर फुगाना पुलिस व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान जानसठ के गांव सादपुर निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सोनू पेशे से ट्रक चालक था।
वह गन्ना मिलों में गन्ना ढोने का कार्य करता था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। कस्बे की सीएचसी पर चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई। मौत का कारण जानने के लिए पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि घटना की तहरीर अभी प्राप्त नही हुई है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। युवक खेत में कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।