पुरकाजी। जनपद के छपार क्षेत्र में रात के समय लिफ्ट देकर कार सवार तीन युवकों ने मारपीट कर पुरकाजी निवासी सागर से लूटपाट की। लुटेरे उसे मृत समझ कर उत्तराखंड के गांव मंडावली के पास फेंक कर भाग गए। होश में आने पर घायल ने किसी तरह परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुरकाजी कस्बे के मोहल्ला बाजार खुर्द निवासी सागर (23) बृहस्पतिवार को मुजफ्फरनगर अपने पिता कृष्ण पाल की दवाई लेने गया था। वापस लौटते समय वह रात करीब आठ बजे जिला अस्पताल पर पहुंचा। वहां पर कोई बस नहीं मिलने पर वह ई-रिक्शा में बैठकर रामपुर तिराहे पर आ गया। वहां पर भी पुरकाजी आने का कोई साधन नहीं मिलने पर वह एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर छपार पेट्रोल पंप तक आ गया।
रात करीब 10 बजे जब वह वहां पर खड़ा हुआ था तो वहां एक कार आकर रुकी। कार सवार तीन लोगों ने उसे कार में लिफ्ट देकर पुरकाजी छोड़ने के लिए बैठा लिया। कार सवार लोगों ने कुछ दूर चलते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसकी सोने की कानों की बुंदकी, चांदी की चेन व अंगूठी, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली।
सागर ने छपार टोल प्लाजा पर कार से उतरने का प्रयास किया, मगर आरोपियों ने उसका मुंह दबा लिया। आगे जाकर कार सवार आरोपियों ने उससे एटीएम के पिन का नंबर पूछा तो पिन नहीं बताने पर उसके सिर व मुंह पर तमंचे की बट मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। रास्ते में उसके साथ मारपीट करते रहे। इससे वह बेहोश हो गया।
आरोपी उसे मृत समझ कर उत्तराखंड के गांव मंडावली के पास सड़क पर फेंक कर भाग गए। कुछ देर बाद होश आने पर घायल ने पास ही ढाबे पर जाकर वहां मौजूद लोगों से फोन लेकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को पुरकाजी पीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने मुजफ्फरनगर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।