सिखेड़ा/जानसठ। गांव जौली से मुजफ्फरनगर रोड पर स्थित स्वरूप फैक्टरी के सामने गांव जौली निवासी 26 वर्षीय अनिल पाल की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई।
वह दूध की डेयरी का काम करता था। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव जौली निवासी 26 वर्षीय अनिल पाल गांव भगवानपुरी के सामने स्थित दूध की डेयरी का काम करता था। शनिवार की देर रात वह और उसका पिता डेयरी बंद कर अलग अलग बाइक से अपने घर जौली जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक जैसे ही अनिल पाल स्वरूप फैक्टरी के सामने पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार अनिल पाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। थाना पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।