मीरापुर। दिल्ली पौड़ी राजमार्ग पर एक ढाबे पर काम करने वाले बेहड़ा सादात निवासी सुरेंद्र (50) को बिजनौर डिपो की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई। चालक बस को छोड़ कर भाग गया।
थाना ककरौली के गांव बेहड़ा सादात निवासी सुरेंद्र दिल्ली पौड़ी राजमार्ग स्थित गांव कैलापुर जसमोर के समीप एक ढाबे पर काम करते थे। रविवार की सुबह करीब 10 बजे सुरेंद्र सड़क पार कर रहे थे। उसी समय बिजनौर की और से आ रही बिजनौर डिपो की बस की चपेट में आ गए। रोडवेज बस की टक्कर लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। दुर्घटना के बाद बस को चालक मौके पर ही छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने बस कब्जे में ले ली। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।