मुजफ्फरनगर। कोर्ट रोड स्थित दुकान पर छोले भटूरे खाने के दौरान थानाभवन के जिस संचालक महताब पर हमले के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दो आरोपियों जनकपुरी निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता सचिन व न्यू रामपुरी निवासी शिव सेना कार्यकर्ता आलोक को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो से अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उधर, पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए।
रविवार शाम को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दुकान पर छोले भटूरे खा रहे थानाभवन निवासी महताब को दुकान से बाहर खींच कर पीटा था। डायल 112 पुलिस टीम ने पहुंचकर युवक और उसके साथ आई युवती को बचाया था। पुलिस ने रात में दोनों का मेडिकल कराया और घर भेज दिया था। युवती ने मारपीट करने वाले गौरव शर्मा, कुशलवीर, शुभम, प्रशांत शर्मा व लोकेश सैनी व दस-बारह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने सोमवार को युवती का मेडिकल कराया। उसके बयान भी दर्ज किए। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। दोनों युवकों की पहचान कराकर उन्हें हिरासत में ले लिया। दोनों पर मारपीट के आरोप हैं। अन्य आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए हैं।
यह लिखाई रिपोर्ट : शामली के थानाभवन क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती ने लिखाया कि वह अपने दोस्त थानाभवन निवासी महताब के साथ जिला परिषद में दवाई खरीदने आई थी। बाद में वह दोनों पास में एक दुकान पर छोले भटूरे खाने लगे। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बताने वाले चार युवक वहां आए। उनसे नाम पूछने लगे। नाम बताने पर उन्होंने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। उन्हें रास्ता रोक कर उन्हें घेर लिया। वह दोनों भाग नहीं सके।