मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की यूपी टी-20 लीग में जिले के क्रिकेटर भी दमखम दिखाएंगे। दो खिलाड़ियों को मेरठ और एक को काशी की टीम में मौका मिला है। लीग के 12 अंपायरों के पैनल में शहर के रवि कौशिक को शामिल किया गया है।
रविवार से लखनऊ में यूपी टी-20 लीग का दूसरा संस्करण शुरू होने जा रहा है। लीग में इस बार कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। मेरठ मेवरिक्स के नेट गेंदबाजों में शहर के अभिषेक चौधरी को शामिल किया गया है। इसके अलावा बल्लेबाज कोविड जैन को मुख्य टीम में चुना गया है। लीग के लिए दोनों खिलाड़ी अपनी टीम के साथ जुड़ गए हैं। काशी रुद्रास की टीम में बल्लेबाज अर्णव बालियान को मौका मिला है। तीनों ही खिलाड़ी स्थानीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।