मुजफ्फरनगर। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में दक्ष बनाने के लिए स्पोर्ट्स ग्रांट जारी किया गया है। इसके तहत विद्यालयों को खेल सामग्री खरीदने और अधिक से अधिक खेल गतिविधियां कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्राथमिक विद्यालय को पांच हजार और उच्च प्राथमिक विद्यालय को दस हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है।
जिले मेें 570 प्राथमिक विद्यालय और 381 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इनमें एक लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। विद्यालयों में छात्रों की संख्या के सापेक्ष खेल सामग्री की कमी के कारण गतिविधियां सीमित रह जाती थीं, लेकिन अब विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभाग की ओर से प्रति स्कूल खेल सामग्री खरीदने के लिए बजट जारी किया है। इसके तहत प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को पांच हजार और उच्च प्राथमिक विद्यालय को दस हजार की धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में भेजी गई है। इस धनराशि से प्राथमिक विद्यालयों में फुटबॉल, वॉलीबाल, क्रिकेट सेट, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और अन्य 11 तरह की और जूनियर में 16 प्रकार की खेल सामग्री खरीदने के निर्देश हैं। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों के विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में स्पोर्ट्स ग्रांट भेज दिया गया है। यह कदम बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उनके शारीरिक विकास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों का चयन मंडलीय और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।