एक सप्ताह बाद भी नहीं मिली कोरोना की जांच रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर, जानसठ। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण एक मरीज की हालत खराब हो चली है। मरीज की पत्नी ने बताया कि सात दिन में दो बार जांच कराने के बाद भी उनकी कोरोना रिपोर्ट नहीं मिल सकी है।
कस्बा निवासी सरोज बाला ने बताया कि उनके पति का नाम शिवकुमार (72) है। एक सप्ताह से उन्हें बुखार आ रहा है। 15 अप्रैल को कोरोना की जांच कराने के लिए सीएचसी में गई थी। जहां पर उनकी व उनके पति की कोरोना जांच की गई। उनकी रिपोर्ट तीन दिन बाद आने की बात कही गई। वह तीन दिन बाद फिर से कोरोना रिपोर्ट लेने के लिए गई, तो बताया गया कि उनकी रिपोर्ट नहीं आई। अगले दिन फिर से सीएचसी जाने पर पता चला कि उसका सैंपल कहीं खो गया है। उनकी दोबारा जांच करानी पडे़गी। वह फिर से 18 अप्रैल को पति को जांच के लिए ले गई। बुधवार की शाम तक भी जांच रिपोर्ट नहीं आने को कहकर उन्हें अस्पताल से टरका दिया गया। महिला ने बताया कि पति को भर्ती नहीं किए जाने के कारण उनकी जान को खतरा बना हुआ है। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि वह इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं, वह तो यहां से सैंपल भेज रहे हैं। जांच रिपोर्ट क्यों नहीं आ रही उन्हें नहीं पता है।