परीक्षा परिणाम पर दिखा कोरोना का असर
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटर के परीक्षा परिणाम पर कोरोना का असर साफ नजर आया। कुछ ही स्कूलों में छात्र-छात्राएं परीक्षा परिणाम के बाद पहुंचे। कॉलेज प्रबंधन ने भी छात्र-छात्राओं को कॉलेज नहीं बुलवाया। न ही साथियों के साथ जश्न का माहौल ही नजर आया।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज केशवपुरी में चुनिंदा छात्र ही पहुंचे। डीएवी इंटर कॉलेज में केवल टॉपर छात्र आया जबकि भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर तथा लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भी कुछ ही विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे। उधर, परिणाम को दोपहर 12.30 बजे घोषित हो गया लेकिन करीब ढाई बजे तक वेबसाइट नहीं चल पाई। स्कूल स्टॉफ को टॉपर छात्र-छात्राओं का पता लगाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सायबर कैफे व कंप्यूटर सेंटरों पर भी छात्र-छात्राएं नजर नहीं आए। सबने अपने घरों पर ही मोबाइल से परिणाम का पता किया।