कोरोना संक्रमण : 379 नए पॉजिटिव मिले
मुजफ्फरनगर। शहर से लेकर देहात तक कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग सैंपल कम ले रहा है, बावजूद इसके संक्रमित नागरिक लगातार सैकड़ों की संख्या में मिल रहे हैं। सोमवार को भी 379 नए संक्रमित मिले। इनमें सबसे अधिक 189 मरीज शहरी क्षेेत्र में मिले हैं। सोमवार को 623 मरीज ठीक भी हुए । जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 20 हजार हो गई।
सीएमओ डॉ एमएस फौजदार ने बताया कि सोमवार को मेरठ लैब से मिले सैंपल की रिपोर्ट और कराए गए एंटीजन टेस्ट में 379 नागरिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से अधिकांश लोग अन्य मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। इनमें शहर में सबसे अधिक 189 मरीज मिले हैं, जबकि शहर से सटे मोहल्लों और देहात में 84 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा पुरकाजी में 18, बघरा में 14, चरथावल में 11, जानसठ में 24, खतौली में 17, शाहपुर में छह मरीज मिले हैं। सोमवार को 623 मरीजों ने कोरोना का मात दी है, जिन्हें स्वस्थ होने पर छुट्टी दी गई है। अब तक जनपद में 20013 मरीज कोरोना के मिल चुके हैं, जिनमें से 14943 मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि अभी भी 4906 मरीजों का उपचार चल रहा है।
उधर, शहर में लगातार केस ज्यादा मिलने पर महावीर चौक स्थित कोविड जांच सेंटर पर जांच कराने वालों की भीड़ लग रही है। जिला चिकित्सालय के बाद शहर के केवल यहीं पर कोविड की जांच हो रही है। सीएमओ ने बताया कि मंगलवार से शहर और देहात में सैंपल बढ़ाए जाएंगे।
एडीएम आलोक कुमार ने दी कोरोना को मात
मुजफ्फरनगर। एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार कोरोना से जंग जीत कर फिर से ड्यूटी पर लौट आए हैं। कोरोना काल में लगातार काम करने से वह करीब दो सप्ताह पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे। साथ में उनकी पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इस दौरान वह होम आइसोलेट होकर भी लगातार चुनाव और कोविड से बचाव के कार्यों में फोन पर ही दिशा निर्देश देते रहे। उन्होंने अब कोरोना को मात दे दी है। दो दिन पहले रिपोर्ट नेगेटिव आने पर वह फिर से ड्यूटी पर लौट आए हैं।
3526 लोगों ने लगवाया टीका
मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जनपद में सोमवार को 3526 लोगों का कोरोना वैक्सीनेशन किया गया। 45 वर्ष से अधिक आयु के 1424 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई। 2102 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई।