एक बार फिर बढ़ाया गया कोरोना कर्फ्यू
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बावजूद शासन ने ऐहतियातन एक बार फिर कोरोना कर्फ्यू का समय बढ़ा दिया है। अब 24 मई की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा, जिसके लिए पुलिस-प्रशासन और भी सख्त हो गया है। निर्धारित समय के बाद किसी कीमत पर दुकानें नहीं खोलने और आवाजाही भी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
ईद-उल-फितर का प्रमुख त्योहार संपन्न होने के साथ ही पुलिस-प्रशासन ने कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराए जाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, लगातार सामने आ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के मद्देनजर शासन ने भी कोरोना कर्फ्यू का समय एक बार फिर बढ़ाते हुए अब 24 मई की सुबह सात बजे तक कर दिया है। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके तहत अब रोजाना निर्धारित समय के बाद आवश्यक सामान की दुकानें नहीं खुलने दी जाएंगी। इसके साथ ही सड़कों पर होने वाली आवाजाही को भी पाबंदियों के साथ प्रतिबंधित किया जाएगा। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि कोविड गाइडलाइन के तहत निर्धारित समय तक ही दुकानें खोले जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके साथ ही सड़कों व चौराहों पर निर्धारित समय के बाद सभी वाहनों व लोगों की चेकिंग की जाएगी। जो भी व्यक्ति बेवजह सड़कों पर घूमता पाया जाएगा, उनके वाहनों के चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी।
नौ दिन में 3,670 चालान, करीब दस लाख जुर्माना
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ जनपद पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पिछले नौ दिन की अवधि में अब तक जनपद पुलिस बेवजह सड़कों पर घूमने वाले व निर्धारित समय के बाद दुकानें खोलने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके तहत गत छह मई से लेकर 14 मई तक जनपद में 3,670 चालान काटे जा चुके हैं। इन वाहन चालकों से नौ लाख 92 हजार 450 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया है। वहीं, निर्धारित समय के बाद भी दुकानें खोलने पर जनपद में 49 लोगों के खिलाफ धारा-188 के तहत मुकदमे भी दर्ज किए जा चुके हैं।