ग्राम सचिवालय के निर्माण पर विवाद, सुजडू में संघर्ष
मुजफ्फरनगर। गांव सुजड़ू में सरकारी चौपाल पर ग्राम सचिवालय बनाने के प्रस्ताव को लेकर प्रधान व पूर्व प्रधान पक्ष में मारपीट हो गई। आरोप है कि पूर्व प्रधान पक्ष ने फायरिंग भी कर दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके विरोध में एसएसपी आवास जा रहे लोगों ने रोके जाने पर पुलिस से हाथापाई कर दी। पुलिस टीम ने लाठियां फटकारकर उन्हें खदेड़ते हुए कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। गांव में तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ूू में वर्तमान प्रधान महताब ने सरकारी चौपाल के स्थान पर ग्राम सचिवालय के निर्माण का प्रस्ताव दिया। पूर्व प्रधान फुरकान ने अपने आवास के पास स्थित सरकारी चौपाल पर सचिवालय निर्माण का विरोध किया, जिसे लेकर शुक्रवार शाम दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पूर्व प्रधान के बेटों ने फायरिंग कर दी, जिससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर एसडीएम सदर दीपक कुमार और सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। मामले में शाम को प्रधान पक्ष की ओर से शहर कोतवाली पुलिस ने पूर्व प्रधान पक्ष के जुनैद, अमन, इंजमाम और फरमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रिपोर्ट दर्ज होने के विरोध में देर शाम पूर्व प्रधान पक्ष के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर एसएसपी आवास जाने लगे। इसकी सूचना मिलने पर वहलना चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र कुमार पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूर्व प्रधान पक्ष को एसएसपी आवास जाने से रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर पूर्व प्रधान पक्ष ने पुलिसकर्मियों के साथ ही हाथापाई कर दी। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ सिटी कुलदीप सिंह फिर से पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लाठियां फटकारते हुए पूर्व प्रधान पक्ष को वहां से खदेड़ दिया। साथ ही पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी ले लिया। वहीं, फरार चारों आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे हाथ नहीं आए। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ सिटी कुलदीप सिंह का कहना है कि सचिवालय के प्रस्ताव को लेकर प्रधान व पूर्व प्रधान पक्ष के बीच मारपीट व फायरिंग हो गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पूर्व प्रधान पक्ष ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई कर दी। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। फायरिंग के आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस कार्रवाई में लगी है।