राजा मिहिर भोज की पोस्ट पर विवाद छिड़ा
देवबंद (सहारनपुर)। सोशल मीडिया पर महापुरुष राजा मिहिर भोज को लेकर की गई एक पोस्ट विवाद की वजह बन गई है। दो बिरादरी के युवाओं द्वारा राजा मिहिर को अपना बताने को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। अब विवाद इतना बढ़ा कि एक बिरादरी के व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर समाज के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है।
दरअसल ठाकुर बाहुल्य गांव निवासी एक युवक ने महापुरुष राजा मिहिर भोज को राजपूत समाज का गौरव बताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। जिसको लेकर क्षेत्र के ही एक युवक ने राजा मिहिर भोज को गुर्जर समाज का गौरव बताया। महापुरुष को अपने समाज से जोड़ने को लेकर शुरू हुई बहस में दोनों समाज के दर्जनों युवा कमेंट लिखने लगे। जिसको लेकर उनके बीच पहले तो गाली गलौज और फिर धमकियाें का दौर शुरू हो गया। जब इसकी जानकारी स्थानीय खुफिया विभाग को मिली तो उन्होंने दोनों बिरादरी के लोगों से संपर्क कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। बुधवार को इसी मामले में बाबूपुर नगली और मिरगपुर गांव के काफी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और रणखंडी के कई युवकों पर समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करने तथा धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। यदि कोई शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करेगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।