संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की ओर से बहु मंजिला रिकॉर्ड रूम बनाया जा रहा है, जिसके लिए 4.82 करोड रुपये का बजट तैयार किया गया है। फाउंडेशन और अन्य कार्य पर अभी अभी तक एक करोड़ से अधिक की धनराशि का खर्च आ चुका है। नया भवन वजूद में आने से भू-राजस्व संबंधी रिकार्ड सुरक्षित तरीके से रखा जा सकेगा।
कलक्ट्रेट में स्थित रिकार्ड रूम काफी जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। राजस्व संबंधी रिकार्ड बढ़ता जा रहा है, जिसे व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक रिकार्ड रूम की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर कलक्ट्रेट में जेल हवालात के समीप मालखाना सदर के सामने वाले स्थान पर रिकार्ड रूम का निर्माण शुरू हुआ है।
निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को सौंपी गई है। सहायक अभियंता मोनी सिंह ने बताया कि लगभग 28 मीटर लंबे और 18 मीटर चौड़े जी प्लस टू यानी भूतल सहित दो मंजिला भवन का निर्माण शुरू हो गया है। बताया कि फिलहाल फाउंडेशन आदि का काम चल रहा है।
बताया कि पूर्व में रिकार्ड रूम अक्तूबर माह तक पूर्ण होना था, लेकिन कुछ व्यवधान के बाद निर्माण देर से प्रारंभ हुआ। इसलिए निर्माण कार्य पूर्ण होने में निर्धारित तिथि से एक-दो माह अधिक लग सकते हैं।