संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। एमडीए के कई बड़े प्रोजेक्ट तकनीकी खामियों और निर्माण की धीमी गति के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहे। कहीं गुणवत्ता के अभाव में ठेकेदार पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है। कहीं अन्य विभाग से एनओसी न मिलने के कारण विकास पर ब्रेक लगा है।
एमडीए की ओर से जानसठ रोड पर कैनरा बैंक से सहावली नाले तक 65 लाख के बजट में आरसीसी नाले के निर्माण का टेंडर छोड़ा गया था लेकिन स्थल से 40 फिट की दूरी पर भवन निर्मित होने और पेड़ न कटने के कारण निर्माण अधूरा पड़ा है। जबकि इंटीग्रेटेड टाउनशिप से गुजरने वाला नाला निर्माण भी इन्हीं कारणों से अधूरा पड़ा है।
-
ट्रांसपोर्ट नगर के आरसीसी नाले में गुणवत्ता का अभाव
ट्रांसपोर्ट नगर में आरसीसी नाले के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया था। एमडीए की ओर से 37 लाख रुपये में एचएस कंस्ट्रक्शन को ठेका छोड़ा गया। लेकिन कार्य गुणवत्ता पूर्ण न होने के कारण ठेकेदार पर अर्थदंड लगाए जाने का प्रस्ताव अवर अभियंता के समक्ष गया है। खतौली के दयालपुरम कॉलोनी में बनाई गई सीसी रोड व नाली निर्माण की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। इस मामले में ठेकेदार फर्म कपिल गुप्ता कांट्रेक्टर पर अर्थदंड लगाने का प्रस्ताव है।
कार्य में विचलन के कारण रुका सीसी रोड का निर्माण
एमडीए ने 59.71 लाख रुपये में कृष्णापुरी में जैन पेठे वाले से एसटीपी प्लांट तक सीसी रोड का निर्माण कार्य स्वीकृत किया था। लेकिन स्थल पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। जिस कारण निर्माण रुका है। कार्य में विचलन होने के कारण भी विचलन का प्रस्ताव अवर अभियंता संदीप कुमार के स्तर पर लंबित चल रहा है। निर्माण कार्य में एक वर्ष का विलंब हो चुका है।
-
बहुप्रतीक्षित हुआ 22 करोड़ के ऑडिटोरियम का निर्माण
शहर के महावीर चौक के पास राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में करीब 22 करोड़ के बजट में ऑडिटोरियम निर्माण का खाका तीन वर्ष पहले खींचा गया था। निर्माण का टेंडर छूटे हुए सात माह से अधिक का समय बीत गया। मौके पर पांच प्रतिशत निर्माण ही पूर्ण हो पाया है। निर्माण पूर्ण करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर 2027 है।
वर्जन
एमडीए की ओर से संचालित निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा गुणवत्ता सहित तकनीकी आधार पर की जा रही हैं। कमियां मिलने पर नियमानुसार कदम उठाए जा रहे हैं। प्रयास है कि जो भी निर्माण और विकास कार्य संचालित हैं, वे मानक अनुरूप एवं गुणवत्ता परक हों। - कुंवर बहादुर सिंह, सचिव एमडीए