भोपा। कोरोना संक्रमण के लगातार प्रसार के चलते थाने पर तैनात महिला कांस्टेबल फर्ज को मातृत्व पर तरजीह देते हुए प्रसूति अवकाश पूरा होते ही ड्यूटी पर लौट आई। महिला कांस्टेबल ने ड्यूटी के चलते अपने छह माह के नवजात को भी अपनी ननद के हवाले कर दिया।
भोपा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल रेनू वर्ष 2011 बैच की है, जिसकी शादी गाजियाबाद निवासी अरुण कुमार से हुई है। अरुण का हापुड़ में खुद का बिजनेस है। रेनू कुछ समय से प्रसूति अवकाश पर गई हुई थी। नवजात शिशु को जन्म देने के छह माह बाद ही लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते रेनू ने अपने फर्ज को मातृत्व पर तरजीह दी और प्रसूति अवकाश पूरा होते ही नवजात बेटे को अपनी ननद के हवाले कर खुद ड्यूटी पर लौट आई। सोमवार को महिला कांस्टेबल की ड्यूटी थाने के बाहर लगाई गई थी, जहां उसने मास्क चेकिंग अभियान में हिस्सा लिया।
महिला कांस्टेबल रेनू का कहना है कि बेटे को अपने से दूर करने को मन तो नहीं कर रहा था, लेकिन कोरोना को हराना है तो ठोस निर्णय लेने ही पड़ेंगे। उन्होंने हर भारतीय से इस परिस्थिति में देशहित में आगे आने की अपील की है। इसके साथ ही रेनू का कहना है कि, हमें इस महामारी से खुद भी बचना है और देश के हर एक व्यक्ति को भी बचाना है। उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा दी गई गाइडलाइन का पालन कर कोरोना से खुद का व परिवार का बचाव करने की अपील की है।