-बृहस्पतिवार को शहर के इंद्रा पैलेस में आयोजित होगा कार्यक्रम
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की न्याय यात्रा के लिए संगठन को कसने की कवायद शुरू हो गई है। यात्रा सबसे ज्यादा 12 दिन उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरेगी। पश्चिम यूपी के रोडमैप को तैयार किया जा रहा है। संवाद कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को मजबूत करने के लिए यात्रा शुरू की गई है। जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा बताते हैं कि यूपी में सबसे ज्यादा 12 दिन न्याय यात्रा गुजरेगी। हालांकि जिले अभी तय नहीं हुए हैं। बृहस्पतिवार को शहर के गांधी कॉलोनी के पास इंद्रा पैलेस में भारत जोड़ो न्याय यात्रा संवाद कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष विदित चौधरी शामिल होंगे। संवाद के जरिए नेतृत्व संगठन में जोश भरने का कार्य करेंगे। जिला और नगर कांग्रेस कमेटी के अलावा बीएलए स्तर के पदाधिकारियों को भी संवाद में शामिल रहने का आह्वान किया गया है।
-
इनसेट
यूपी जोड़ो यात्रा से जोश में कार्यकर्ता
जिले से होकर गुजरी यूपी जोड़ो यात्रा से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आमजन की ओर से दिखाए गए उत्साह और उत्सुकता ने कांग्रेस नेताओं में जोश भरने का कार्य किया है। जिले के गांवों और बिजनौर लोकसभा क्षेत्र से यह यात्रा गुजरी थी।
-
इनसेट
जिले में यात्रा के लिए कर रहे तैयारी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा बताते हैं कि यूपी के जिलों की सूची को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। फिलहाल संवाद कार्यक्रम किए जा रहे हैं। जिन जिलों से यात्रा पहले गुजर चुकी है, इस बार वहां से गुजरने की गुंजाइश कम है। शामली और बागपत में यात्रा पहले आ चुकी थी। इस बार मुजफ्फरनगर में आने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता।
-