खोजा नंगला में दो पक्षों में संघर्ष, फायरिंग
छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव खोजा नंगला में तीन नवंबर की शाम दो युवकों के बीच हुई मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिससे सनसनी फैल गई। घटनास्थल से बड़ी संख्या में कारतूस व खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से छह नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव खोजा नंगला निवासी अहबाब उर्फ कल्लू और गुड्डू के बीच तीन नवंबर की देर रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से 30 राउंड से अधिक ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिससे हड़कंप मच गया। हालांकि घटना में दोनों ही पक्षों से कोई घायल नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में खोखे व कारतूस बरामद किए। इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि एसआई केपी सिंह की ओर से दोनों पक्षों के अहबाब उर्फ कल्लू, नदीम, छोटा, गुड्डू, शहजाद व उवेश को नामजद करने के साथ ही कई अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रहीं हैं, लेकिन फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं। दोनों पक्षों के बीच विवाद किसी वजह से हुआ, इसकी भी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है।