डीएम और एसएसपी से सुनीं शिकायतें
मुजफ्फरनगर, खतौली। तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने जनसमस्याएं सुनीं। संपूर्ण समाधान दिवस में मात्र चार शिकायतें आई। जिनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
पहले संपूर्ण समाधान दिवस मंगलवार को लगता था। अब शासन ने माह का पहला और तीसरे शनिवार का दिन इसके लिए निर्धारित किया है। लोगों की इसकी जानकारी नहीं थी, इस कारण भी तहसील में कम लोग शिकायत दर्ज कराए आए। मिट्ठूलाल निवासी जमील अंसारी ने शिकायत देते हुए डीएम को बताया कि अपनी समस्या को लेकर पहले भी छह बार शिकायत की है, लेकिन कोई समस्या का समाधान नहीं हो सका। पूर्व में रहे तहसीलदार, कानूनोगा, लेखपाल, उपनिबंधक खतौली द्वारा राजस्व की हानि पहुंचाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया है। शिकायत करने पर उन्हें अनेकों तरीकों से प्रताड़ित करते हुए उच्चाधिकारियों को भ्रमित जांच आख्या प्रेषित की गई है।
उन्होंने की गई शिकायत की गंभीरता से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इसके अलावा कस्बे में स्थित तगान मोहल्ला निवासी बेबी वर्मा ने भी शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसके पति ने मुजाहिदपुर में दो बीघा जमीन खरीदी थी। जिससे बटाई पर दी थी, उसने उस पर कब्जा कर लिया है। पीड़िता ने उससे जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार, सीओ राकेश सिंह सहित अन्य सभी विभागों के जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जल संरक्षण की शपथ ग्रहण कराई
मुजफ्फरनगर। सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ आलोक यादव और एसडीएम दीपक कुमार ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान 22 शिकायतें आईं, जिनमें से विरासत की दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान सीडीओ ने सभी को जल संरक्षण की शपथ ग्रहण कराई। संवाद