डीएम से की नाला बंद करने की शिकायत
मुजफ्फरनगर, खतौली। नाले में मिट्टी डालकर पानी प्रवाह रोकने की शिकायत एक महिला ने डीएम से की है। महिला ने सभासद के ससुर पर नाले में मिट्टी भरवाने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला निवासी बेबी वर्मा ने डीएम को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि तगान मोहल्ले से शराफत कॉलोनी की तरफ एक नाला पिछले छह दशकों से बह रहा है, जिसे रोकने का प्रयास वार्ड नंबर 6 की सभासद के ससुर कर रहे हैं। महिला ने आरोप लगाया कि सभासद के ससुर ने मोहल्ले के कुछ दबंग लोगों के साथ मिलकर नाले में मिट्टी डाल दी है। जिस कारण नाले के पानी का प्रवाह रुक गया है। बरसात आने वाली है, जिसको लेकर कई बार नगर पालिका प्रशासन से भी मोहल्लेवासियों द्वारा इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। यदि मिट्टी से नाले का भराव कर दिया गया, तब आने वाले बरसात के दिनों में बरसात का पानी घरों में भर जाएगा। पीड़िता ने डीएम से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।