जिले के 117 गांवों में बनेंगे सामुदायिक शौचालय
मुजफ्फरनगर। दो साल पहले ओडीएफ घोषित हो चुके जनपद में अब सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 117 ग्राम पंचायतों में जमीन चिह्नित कर ली गई है। इनमें चार और छह सीटर शौचालय बनवाए जाएंगे। ग्राम पंचायतें राज्य वित्त एवं 15वें वित्त से निर्माण कार्य कराएंगी।
शासन ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनवाने के निर्देश दिए हैं। ताकि जो लोग खुले में शौच जाते हों वे इनका इस्तेमाल कर सकें और दो साल पहले ओडीएफ हो चुके जनपद में यह व्यवस्था बनी रहे। जिले में 498 ग्राम पंचायतें हैं, लेकिन इनमें से 117 में ही सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए जमीन मिल पाई है। निर्माण घनी आबादी वाली बस्तियों में होना है या ऐसे स्थान को चिह्नित किया जाना है जहां तक आना-जाना आसान हो। डीपीआरओ डा. एसके श्रीवास्तव ने बताया कि शौचालयों का निर्माण राज्य वित्त एवं 15वें वित्त की धनराशि से किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों में 14वें वित्त की राशि बची हुई है उससे भी निर्माण कराया जा सकता है। निर्माण कार्य शुरू होने से राज मिस्त्रियों को रोजगार भी मिलेगा तथा गांवों में ओडीएफ की व्यवस्था भी बनी रहेगी।
सामुदायिक शौचालय निर्माण की लागत
प्रकार भूमि की जरूरत लागत
दो सीटर 36.32 वर्ग मीटर 3.85 लाख
चार सीटर 53.89 वर्ग मीटर 5.71 लाख
छह सीटर 70.32 वर्ग मीटर 7.50 लाख