डीआईओएस कार्यालय पर हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शाहपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने डीआईओएस कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया। आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कालेज प्रबंध समिति को मान्यता नहीं दी जा रही है। इस दौरान हंगामा करने वालों ने डीआईओएस को दफ्तर का टूटा हुआ टायलेट दिखाकर हंगामा किया और पेयजल भी नहीं मिलने पर धरना देकर आक्रोश जताया।
शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के संबंध में शिकायत लेकर ग्रामीण डीआईओएस कार्यालय पर आए थे। ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे अमर नायक राहुल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कॉलेज प्रबंध समिति को मान्यता न दिए जाने पर हंगामा करते हुए धरना दिया।
इसी दौरान ग्रामीण दफ्तर के टायलेट में गए तो वहां फर्श टूटा हुआ था और उन्हें यहां पीने के लिए पानी भी नहीं मिला। इसे लेकर ग्रामीणों ने हंगामा खड़ा कर दिया तथा धरना देकर बैठ गए। कुटबी निवासी राहुल ने डीआईओएस वीपी सिंह को साथ ले जाकर टॉयलेट की हालत को दिखाया तथा यहां पर आने वालों के लिए पेयजल की व्यवस्था न होने पर भी आक्रोश प्रकट किया।
डीआईओएस ने प्रबंध समिति की तत्काल मान्यता देने और यहां की व्यवस्था को सही करवाने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। इस दौरान धर्मपाल, सूचित राठी, किरणपाल, ओमपाल, भगत सिंह, देवेंद्र, महेंद्र, रविंद्र, सतवीर, प्रहलाद, राजपाल आदि ग्रामीण शामिल रहे। उधर, डीआईओएस ने बताया कि कार्यालय का हैडंपप खराब है, जिसके रीबोर के लिए जल निगम को पत्र भेजा है।