सहारनपुर मंडलायुक्त चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि कांवड़ यात्रा में अधिकारी सहयोगी के रुप में काम करें। एसडीएम और सीओ अपने क्षेत्र के सभी विभागों की मॉनीटरिंग करें। जहां जो कमी है उसे पूरा कराये। कांवड़ियों को बिजली, पानी, भोजन, दवा की कमी नहीं होनी चाहिए। मार्गों के गड्ढे और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें।
कलक्ट्रेट के सभाकक्ष में कांवड़ यात्रा की समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि कानून व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। अत्यधिक बरसात हो जाने के कारण सड़कों में गड्ढे हो गए है, इन्हें तत्काल बंद किया जाए। विभाग अपनी जिम्मेदारी समझे। कार्यदायी संस्थायें प्रतिदिन सड़कों का निरीक्षण करें। कांवड़ मार्गों पर जल भराव न होने दिया जाए और डीवॉटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
पंप, जनरेटर आदि की व्यवस्था रखी जाए। विद्युत निगम के अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि भ्रमणशील रहें और जहां से सूचना मिले कि कहीं कोई तार ढीला है तो तुरंत उसे कसवाना और जर्जर है तो उसे बदलवाना सुनिश्चित करें। सभी कांवड़ मार्गों पर एंबुलेंस, चिकित्सक और दवाओं की व्यवस्था होनी चाहिए।
सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारी लीडरशीप की भूमिका में रहे और संबंधित विभागों से कार्य लें। महिला कांवड़ यात्रियों के लिए जिला पंचायत राज विभाग एवं जिला पंचायत अलग से इज्जत घर की व्यवस्था रखे। मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी होनी चाहिए। शिविरों में लेखपालों की तैनाती होनी चाहिए।
डीआईजी सहारनपुर शरद सचान ने सभी क्षेत्राधिकारियों से कहा कि पूरी तरह सतर्क रहें। भड़काने वाला कोई कार्य न होने पाए और छोटी से छोटी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई घटना होती है तो घायल को सबसे पहले एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जाए।
उन्होंने एडीएम प्रशासन को निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में सभी विभागों के नंबर रखे जाए। कांवड़ यात्रा में सभी विभाग आपसी समन्वय कर कार्य को पूर्ण करना सुनिश्चित करे। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण करा लिए गए है। बैठक में विधायक कपिल देव अग्रवाल, एसएसपी अनंत देव, एसपी सिटी ओमवीर सिंह, एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र, एडीएम वित्त सियाराम मौर्य, सभी एसडीएम, सीओ, विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रेनों का हॉल्ट रखा जाएगा
मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी ने बताया कि अंडरपास की खराब स्थिति को देखते हुए और फाटक बंद होने के कारण विशेष व्यवस्था की गई है। फाटक क्रासिंग पर आने वाली ट्रेनों को हॉल्ट पर रखा जाएगा। दोनों ओर से आने-जाने वाली ट्रेनें यहां पर रुक कर ही सिग्नल देने के बाद आगे जाएगी।