दवा पोर्टल में आ रही समस्याओं के निराकरण की मांग की
मुजफ्फरनगर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की मीटिंग में दवा पोर्टल को लेकर आ रही समस्याओं पर चर्चा हुई। बाद में पदाधिकारी एसोसिएशन की समस्याओं के निराकरण को लेकर राज्यमंत्री कपिलदेव से मिले। विभागीय मंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी को भी पत्र के माध्यम से शिकायतें भेजी गईं।
अग्रवाल मार्केट में रविवार को आयोजित केमिस्ट एसोसिएशन की बैठक में दवा पोर्टल में आ रही विसंगतियों को दूर करने के लिए कार्यकारिणी के सदस्यों ने विचार रखे। दवा पोर्टल में आ रही समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। एसोसिएशन अध्यक्ष सुभाष चौहान ने कहा कि इस समस्या को लेकर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से व्यक्तिगत रूप से मिले थे, उनके सामने समस्याएं रखी गई। उन्होंने निराकरण का आश्वासन दिया। विभागीय मंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी से विभिन्न माध्यमों से समस्याओं से अवगत कराया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि फार्मासिस्ट आधारित होलसेल की ड्रग लाइसेंस में एक साल बाद एक्सपीरियंस के डॉक्यूमेंट अपलोड करने की पोर्टल में व्यवस्था की जाए। गोदाम के लाइसेंस के रिन्यूअल की पोर्टल में व्यवस्था करें। जो रिटेल में लाइसेंस बने हैं अगर प्रोपराइटर ने डी फार्मा कर लिया है, तो वह प्रोपराइटर स्वयं फार्मासिस्ट नहीं लगा पा रहा है, यह भी पोर्टल में व्यवस्था की जाए। फाइल डिलीट करने का अधिकार पहले की तरह मंडल और जिला स्तर पर ही होना चाहिए. जो कि अभी लखनऊ कर दिया गया है। फाइल में मॉडिफिकेशन का अधिकार जिलास्तर के अधिकारी को होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में मुकेश सोम, सुनील चौधरी, संजीव वर्मा, सुबोध जैन, दिव्य प्रताप सोलंकी, राजेश जुनेजा, विकास दीप तोमर, सचिन त्यागी आदि मौजूद रहे।