किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस 25 अक्तूबर को कलक्ट्रेट घेरेगी। गन्ना बकाया भुगतान, नए रेट की घोषणा, कोल्हू पर बढ़ी बिजली दरों का विरोध मुख्य मुद्दे होंगे। बैंकों में किसानों से बीमे के नाम पर जबरन काटा जा रहा पैसा भी मुद्दा होगा। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक ने बताया कि बकाया भुगतान नहीं होने से किसान परेशान है।
तितावी मिल पर तो आधे से ज्यादा पैसा बकाया है। चीनी मिलों का नया पेराई सत्र शुरू होने वाला है, लेकिन सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है। किसानों का बकाया भुगतान होना चाहिए और नया रेट घोषित होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कोल्हू के बिजली कनेक्शन की दर बढ़ाना भी मुद्दा रहेगा।
सरकार इस लघु उद्योग की कमर तोड़ना चाहती है। बैंकों में किसानों की बिना मर्जी के बीमे का पैसा काटा जाना गलत है। यह पैसा किसान की मर्जी से ही काटा जाना चाहिए। जिन ब्लाकों में विद्युत कनेक्शन सिंचाई के लिए बंद हैं वहां कनेक्शन खुलने चाहिए। मलिक ने बताया कि धरने की तैयारी जोरों पर है। किसानों की समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी दिया जाएगा।