सर्द हवा ने लोगों को दिन में ही कंपाया
मुजफ्फरनगर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों पर नजर आया। दिन में 11 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से और शाम को आठ किमी की रफ्तार से ठंडी हवा चली। शीत लहर ने लोगों को दिन में ही कंपा दिया। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता 88 प्रतिशत पर पहुंच गई।
जनपद में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। पांच दिन से अधिकतम तापमान लगातार गिर रहा है। 27 डिग्री सेल्सियस से 22.6 डिग्री पर आ गया है। न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री से 8.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम में आर्द्रता लगातार बढ़ती जा रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फ बारी के चलते यहां लगातार ठंडी हवा चल रही है।
शनिवार को दिन में सर्द हवा की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटा रही जो शाम को आठ किमी प्रति घंटे पर आ गई। दिन में सर्द हवा के कारण कंपकंपाते दिखाई दिए। नागरिकों ने सर्दी से बचने के लिए दिन में भी ऊनी कपड़े पहने। बाजारों में भी सर्दी के कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। गन्ना शोध केंद्र के मौसम विभाग के पर्यवेक्षक पान सिंह का कहना है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण सर्दी बढ़ी है। पहाड़ निकट होने के कारण वहां की बर्फबारी का यहां असर पड़ता है।
ठंड में लापरवाही न करें
मुजफ्फरनगर। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ सत्यम राजवंशी का कहना है कि ठंड में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अपने शरीर को ढककर रखें। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का प्रयोग करें। ठंड में हार्ट अटैक आदि की समस्या तेजी से बढ़ जाती है। बचाव ही एक मात्र उपाय है। उनका कहना है कि सर्दी में बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल जरूरी है। हृदय रोगी सर्दी से बचें। सर्दी बढ़ने पर उन्हें सुबह की सैर बंद कर देनी चाहिए।
गेहूं की बुवाई के लिए ठंड जरूरी
मुजफ्फरनगर। कृषि उप निदेशक जसवीर सिंह तेवतिया का कहना है कि इस समय गेहूं की बुवाई चल रही है। इसके लिए ठंड जरूरी है। तापमान कम रहेगा तो गेहूं की बुवाई भी अच्छी रहेगी। हवा तेज चली तो गन्ने की फसल गिरने से नुकसान हो सकता है।
प्रदूषण हुआ कम, हवा में सुधार
मुजफ्फरनगर। शनिवार को तेज ठंडी हवा चलने से वायु प्रदूषण कम हो गया। तीन दिन से एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ रहा था। शुक्रवार को यह बढ़ कर 253 हो गया था। शनिवार को ठंडी हवा चलने से एक्यूआई 141 दर्ज किया गया।
दिनांक अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस
17 नवंबर-- 25.6 -------- 10.5
18 नवंबर-- 24.9 -------- 11.4
19 नवंबर-- 23.6 -------- 8.6
20 नवंबर-- 24.7 -------- 8.0
21 नवंबर-- 22.6 -------- 8.2