छाए रहे बादल, पड़ती रही फुहार
मुजफ्फरनगर। तीन दिन तक निकली धूप के बाद बृहस्पतिवार को बादल छाए रहे। कई बार फुहार पड़ी। शाम को अच्छी बारिश हुई इससे मौसम बदल गया। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान घट गए हैं।
बृहस्पतिवार को सुबह से ही तेज हवा चलती रही और आकाश में बादल छाए रहे। कई बार बूंदाबांदी हुई, लेकिन पानी जमकर नहीं बरसा। शाम को अचानक मौसम खराब हुआ और तेज बारिश हुई। बारिश हो जाने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। बीते तीन दिन से मौसम साफ था और दिन में तेज धूप निकल रही थी। तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान यहां 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम में परिवर्तन हो जाने से यह 19.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। न्यूनतम तापमान भी 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश के कारण शाम को बाजार जल्द बंद हो गए।