मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुरकाजी क्षेत्र में कई अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और पैथोलाॅजी लैब पर छापेमारी की। इस दौरान चिकित्सक के निधन के बावजूद संचालित किए जा रहे क्लीनिक को बंद कराया गया। कई चिकित्सकों के यहां अग्निशमन संबंधित उपकरण और बायो वेस्ट डिस्पोजल के साधन नहीं पाए गए। उन्हें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने नोटिस जारी कर आवश्यक संसाधन जुटाने के निर्देश दिए।
सीएमओ के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरला, छपार और बसेड़ा आदि क्षेत्रों में जांच की। डॉ. अजय कुमार ने बताया कि बरला में कनक चाइल्ड केयर, यूनाइटेड डेंटल क्लिनिक और डॉ. नरेंद्र सिंह स्मृति क्लिनिक पर जाकर जांच की। बताया कि इनमें डॉ. नरेंद्र सिंह स्मृति क्लिनिक चिकित्सक के निधन के बाद भी संचालित किया जा रहा था, जिसे बंद कराया गया।
छपार में गिरीश चाइल्ड केयर और मारूफ क्लिनिक पर भी जांच की गई, जबकि बसेड़ा में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रही भारत लैब को पंजीकरण के बाद ही खोलने के निर्देश दिए गए। टीम की ओर से जीवन सिटी क्लिनिक पर भी जांच की गई। बताया कि कई क्लिनिक पर अग्निशमन की एनओसी, बायो वेस्ट डिस्पोजल का कोई प्रबंध नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस मामले में संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध चला अभियान
मुजफ्फरनगर। सीएमओ के निर्देश पर अपंजीकृत एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया गया। डिप्टी सीएमओ (फोरेंसिक एक्सपर्ट) डॉ. अजय कुमार ने रुड़की रोड पर जांच अभियान चलाया। उनकी ओर से आस्था नर्सिंग होम, विश्वास नर्सिंग होम, लोकप्रिय हॉस्पिटल, एम. चरक हॉस्पिटल, मरियम हॉस्पिटल (मदीना चौक) और सोफिया मेडिकल सेंटर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों के पंजीकरण, चिकित्सकों की योग्यता, उपलब्ध सुविधाओं और मेडिकल रिकॉर्ड की गहन जांच की गई।
-
राशिद